धमतरी। जिले में सीमांकन कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भखारा-भठेली क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक मोहित कुमार सोनी को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि, संबंधित अधिकारी को सीमांकन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय अवधि बीतने के बाद भी काम अधूरा पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार ने पहले राजस्व निरीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

हालांकि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कार्य में सुधार नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। कलेक्टर के निर्देश के बाद निलंबन आदेश जारी कर दिया गया। जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि, सरकारी कार्यों में लापरवाही और समय सीमा की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की चेतावनी भी दी गई है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की सख्ती से अन्य कर्मचारियों में भी अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
