राजनांदगांव CMHO ने अपना आदेश संशोधित किया, अब सभी कर्मचारियों के लिए आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य

Follow Us

राजनांदगांव। राजनांदगांव मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा जारी एक आदेश को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। पूर्व में जारी आदेश में केवल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य किए जाने तथा उसी आधार पर वेतन आहरण करने के निर्देश दिए गए थे। मामले के चर्चा में आने के बाद आज सुबह आदेश में संशोधन करते हुए नियमित, संविदा, डीएमएफ सहित अन्य सभी कर्मचारियों के लिए भी 100 प्रतिशत आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। CMHO कार्यालय द्वारा जारी संशोधित आदेश में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक,सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों को आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ज्ञात हो कि, पूर्व आदेश में केवल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों को ही आधार आधारित उपस्थिति के आधार पर वेतन आहरण करने का निर्देश दिया गया था, जिसे लेकर प्रदेश सहित विभिन्न जिलों एवं मंत्रालय स्तर तक चर्चा हो रही थी। जबकि शासन द्वारा सभी प्रकार के शासकीय कर्मचारियों के लिए आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने संबंधी निर्देश पूर्व से ही सभी कलेक्टरों को जारी किए जा चुके हैं। इस संबंध में एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने संशोधित आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि, सभी कर्मचारी प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं तथा प्रदेश की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।