कोरबा। प्रदेश के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हाल ही में उन्हें निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नति मिली थी और वे नई जिम्मेदारी संभालने सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-130 पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया इलाके के पास हुई। बताया जा रहा है कि, तेज रफ्तार कार आगे चल रहे पार्सल वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अरुण कुमार त्यागी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के गेवरा क्षेत्र में पूर्व महाप्रबंधक रह चुके थे और उनकी कार्यशैली को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में अच्छी पहचान थी। इस दुखद घटना पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने शोक जताते हुए कहा कि, अरुण त्यागी का निधन बेहद पीड़ादायक है और यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
