आईपीएल 2026: दिल्ली के मैदान पर DC और KKR के बीच ‘आर-पार’ की जंग, हारने वाली टीम का टूटेगा प्लेऑफ का सपना

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज शाम 7:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाना है। यह टूर्नामेंट का 51वां मैच है, जहाँ टॉस शाम 7 बजे होगा। प्लेऑफ की रेस में खुद को जिंदा रखने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल 10 मैचों में 8 अंकों के साथ सातवें पायदान पर है और उसे आगे बढ़ने के लिए अपने सभी चारों मुकाबले जीतने होंगे। वहीं, अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें नंबर पर संघर्ष कर रही है और उसे अंतिम चार की उम्मीदें कायम रखने के लिए अपने बचे हुए पांचों मैचों में करिश्माई प्रदर्शन करना होगा।

मैदान की बात करें तो अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। यहाँ की सपाट सतह और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों को काफी चुनौती मिलती है, जिससे फैंस को एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने की पूरी उम्मीद है। इतिहास गवाह है कि यहाँ 101 मैचों में से 52 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, इसलिए टॉस की भूमिका काफी अहम रहेगी। दिल्ली की टीम में केएल राहुल, कुलदीप यादव और मिचेल स्टार्क जैसे बड़े नाम हैं, तो वहीं कोलकाता की ओर से सुनील नरेन, रिंकू सिंह और फिन एलन पलटवार करने के लिए तैयार हैं। आज की एक भी चूक किसी एक टीम के आईपीएल 2026 के सफर को समाप्त कर सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली के कोटला में कौन सी टीम अपनी किस्मत के सितारे चमकाती है।