पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी: आयोजन के बहाने समिति से धोखाधड़ी, FIR दर्ज

Follow Us

राजनांदगांव। जिले में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के आयोजन के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी क्षेत्र की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समिति के अनुसार, आरोपी दिनेश साहू ने कथा आयोजन कराने का आश्वासन देकर अलग-अलग किश्तों में कुल 21 लाख रुपये नकद लिए थे, जिसमें 5 लाख और 16 लाख रुपये शामिल हैं। यह राशि उसकी किराना दुकान में दी गई थी। बताया गया कि कथा 8 से 14 मई 2026 के बीच प्रस्तावित थी, जिसके लिए पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए थे।

बाद में जब समिति ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि पंडित प्रदीप मिश्रा का उसी अवधि में रांची (झारखंड) में कार्यक्रम निर्धारित है और उनके कार्यालय ने अंबागढ़ चौकी में किसी भी कथा के लिए कोई राशि प्राप्त होने से इनकार किया। इसके बाद समिति के सदस्य सीहोर स्थित कुबेरश्वर धाम भी पहुंचे और जानकारी की पुष्टि की। सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी से पैसे वापस मांगे गए, लेकिन लगातार आश्वासन के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि करते हुए आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।