पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है और अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि, बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इसको लेकर आज कोलकाता में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे।


बैठक में भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे और विधायक दल के नेता के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। जिसे विधायक दल का नेता चुना जाएगा, वही 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी सह-पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम माना जा रहा है।

उन्होंने लगातार दूसरी बार ममता बनर्जी को चुनाव में हराकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की है। संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
इसके अलावा अग्निमित्रा पॉल, रूपा गांगुली, दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य के नाम भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल बताए जा रहे हैं।

वहीं धार्मिक और संगठनात्मक छवि के कारण उत्पल महाराज का नाम भी तेजी से चर्चा में आया है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा ऐसा मंत्रिमंडल तैयार करना चाहती है जिसमें संगठन, वैचारिक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व तीनों को महत्व मिले। ऐसे में आज की बैठक बंगाल की राजनीति की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।


