छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: 20 जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में जहां पिछले कुछ दिनों से गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी, वहीं अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। राज्य के 20 से अधिक जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें चरमा में 3 सेमी और गरियाबंद में 1 सेमी वर्षा हुई। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी भी रिकॉर्ड की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण मध्य प्रदेश, ओडिशा और पूर्वी बिहार के ऊपर अलग-अलग चक्रीय परिसंचरण सक्रिय हैं, जबकि एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इन्हीं सिस्टमों के कारण प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।