डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ में देर रात पुलिस ने एक फार्म हाउस में चल रही हुक्का पार्टी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 6 युवकों को गिरफ्तार किया और हुक्का व उससे जुड़ा सामान भी जब्त किया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि, शहर के एक फार्म हाउस में देर रात कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और वहां हुक्का पार्टी चल रही है। सूचना के आधार पर डोंगरगढ़ पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी।
छापेमारी के दौरान अंदर कई युवक हुक्का पीते हुए पाए गए। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान विशाल यादव, बाबू विश्वकर्मा, भूपेंद्र नायक, रोहन यादव, दक्ष ठाकुर और तारन निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक डोंगरगढ़ के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि, शहर में देर रात होने वाली नशाखोरी, अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि, ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।
