दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता और कारोबारी चतुर्भुज राठी के ठिकाने पर छापा मारा है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े एक मामले में की जा रही है, जिससे प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, ED की टीम सुबह ही दुर्ग के महेश कॉलोनी स्थित राठी के निवास पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि, जांच में वित्तीय लेनदेन और परियोजना से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। चतुर्भुज राठी अमर इंफ्रा कंपनी के संचालक हैं, जो इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में सक्रिय है। कंपनी ने सड़क और निर्माण से जुड़ी कई परियोजनाओं में काम किया है। हाल के दिनों में राठी के कारोबार के विस्तार को लेकर भी चर्चाएं रही हैं। ED की इस कार्रवाई को भारतमाला परियोजना में संभावित अनियमितताओं की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और व्यावसायिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
