केदारनाथ यात्रा पर संकट: पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा, अगले 4 दिनों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की शुरुआती बारिश ने पहाड़ों पर खतरे की स्थिति पैदा कर दी है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिसका सीधा असर विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा पर पड़ रहा है।

रुद्रप्रयाग प्रशासन के अनुसार, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कई डेंजर जोन चिन्हित किए गए हैं, जहां लगातार पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रा मार्ग की निगरानी कर रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते 5 से 8 जुलाई के बीच कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। प्रशासन ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, एनएच और बीआरओ को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। ट्रेकिंग गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी और जरूरत पड़ने पर रोक लगाने की बात कही गई है। हालांकि खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है। केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह लगातार बना हुआ है, लेकिन प्रशासन ने सभी यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।