ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते 6 लोग भी पकड़े गए
रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा से 15 लीटर महुआ शराब जब्त कर एक महिला को गिरफ्तार किया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले छह लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा में दबिश दी। इस दौरान प्रभा लाकड़ा (50), पति हिजनुस लकड़ा, निवासी टटकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी पूंजीपथरा के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में महिला द्वारा शराब को अवैध बिक्री के लिए रखना बताया गया। मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गेरवानी यात्री प्रतीक्षालय, सालासर चौक पूंजीपथरा, गेरवानी बस स्टैंड और तमनार चौक पूंजीपथरा के पास खुले में शराब पीते छह लोगों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में अलेक्जेंडर केरकेट्टा (39), अजीत उरांव (29), सुनील शाह (32), प्रमोद साहनी (35), संतोष गिरी (33) और रुपेश कुमार यादव (22) शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
करोड़ों की ठगी के ‘वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम में 2 और आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीष कुमार पोया, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैकरा, विनीत तिर्की सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
