नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कोटडोल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा

एमसीबी । कोटडोल थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ आरोपी द्वारा जबरदस्ती कपड़े उतारने और दुष्कर्म का प्रयास करने के साथ अश्लील हरकत किए जाने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोटडोल पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 76, पॉक्सो अधिनियम की धारा 8, 18 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोटडोल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने की अपील
पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दें।