करोड़ों की ठगी के ‘वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम में 2 और आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

तेलीबांधा पुलिस की कार्रवाई, अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार; 4 करोड़ से अधिक की नगदी सहित मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त

रायपुर। थाना तेलीबांधा के करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़े वॉश एंड वॉश/ब्लैक करेंसी स्कैम मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व में नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। नई गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के अनुसार थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 330/2026 में धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में जुटी थी। पूर्व में पुलिस ने कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार किया था।

प्रधानमंत्री ने पत्रकार पायल मेहता के निधन पर जताया शोक

इन आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नगदी, 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेटें, अन्य सामग्री और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके मोबाइल फोन और डिजिटल सामग्री का तकनीकी परीक्षण किया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस को मामले में रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और दीपक सिंह की संलिप्तता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और लगातार तकनीकी निगरानी के माध्यम से उनकी लोकेशन का पता लगाया। दोनों को गिरफ्तार कर प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

सीएम साय ने ओडिशा के सीएम माझी से की सौजन्य भेंट

गिरफ्तार आरोपी
1. रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39 वर्ष)
पिता नंदकिशोर सिंह, निवासी 106 जे-04, रुस्तम जी ग्लोबल सिटी, थाना विरार वेस्ट, जिला पालघर, मुंबई।
2. दीपक सिंह (46 वर्ष)
पिता वीरेन्द्र सिंह, निवासी 002 डी विंग, रोज गार्डन बिल्डिंग, मीरा रोड, थाना काशीमीरा, जिला पालघर, मुंबई।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों तथा उनकी भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।