रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश के बाद अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने आज यह जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, पिछले24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। इस अवधि में सर्वाधिक 70 मिलीमीटर बारिश जशपुर जिले के मनोरा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50-50 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
प्रदेश में तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो शनिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही नई मौसम प्रणाली पर भी मौसम विभाग नजर बनाए हुए है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को अवदाब में परिवर्तित हो गया। यह प्रणाली श्री विजयपुरम से लगभग 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम दिशा में स्थित थी।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस अवदाब के अगले 12 घंटों में गहरे अवदाब और उसके बाद चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान जताया गया है। मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। इसके दो नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश तट के समीप पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है।
CG Breaking: केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया आज करेंगे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का शुभारंभ
राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं। आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश अथवा बूंदाबांदी हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इससे पहले शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से राजधानी रायपुर में तेज बारिश हुई थी। अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत दिए हैं लेकिन कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
Breaking: छत्तीसगढ़ में हड़ताली पटवारियों पर एक्शन! संघ के प्रदेश अध्यक्ष को सरकार ने किया निलंबित
