जशपुरनगर । मेरा युवा भारत जशपुर की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के विकसित भारत युवा नेता संवाद के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन शासकीय रा.भ.रा. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। युवा संसद का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव रहा, जिसमें युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का उद्घाटन जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने किया। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया था। इस दौरान युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव के संभावित प्रभावों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया पर अपने तर्क प्रस्तुत किए।
पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पी.के. ठाकुर, सैनिक कल्याण बोर्ड तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया गया है। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक जागरूकता और संवाद कौशल विकसित करने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
