युवतियों का पीछा कर परेशान करने वाला युवक गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेजा गया

Follow Us

कांकेर। जिले में महिला सुरक्षा के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य करते हुए कांकेर पुलिस ने युवतियों को परेशान करने वाले एक युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में महिला सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के लिए गठित महिला रक्षा टीम लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है। पुलिस के अनुसार 16 जून को महिला रक्षा टीम आमापारा क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान महिला हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि कुछ युवतियां दुकान में कार्य समाप्त कर घर लौट रही थीं, जिन्हें एक युवक लगातार परेशान कर रहा था। सूचना मिलते ही महिला रक्षा टीम मौके पर पहुंची और आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं शिकायत के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी की हरकतों से युवतियां परेशान थीं तथा क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राजकुमार कोमरा (27 वर्ष), निवासी श्रीराम नगर, कांकेर को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

आरोपी को माननीय कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए। कार्रवाई में एएसआई शशिकला साहू, प्रधान आरक्षक अनीता नेताम सहित महिला रक्षा टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार के महिला संबंधी अपराध की सूचना तत्काल महिला हेल्पलाइन 9479155925, आपातकालीन सेवा 112 अथवा निकटतम थाना में दें। “महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति कांकेर पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”