हरी मिर्च को लंबे समय तक रखें ताजा, अपनाएं ये आसान किचन ट्रिक

Follow Us

नई दिल्ली। रसोई में इस्तेमाल होने वाली हरी मिर्च खाने का स्वाद बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर यह जल्दी सूखने और खराब होने लगती है। कुछ आसान किचन टिप्स अपनाकर हरी मिर्च को लंबे समय तक ताजा और कुरकुरी रखा जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, हरी मिर्च को फ्रिज में रखने से पहले उसके डंठल अलग कर देने चाहिए, क्योंकि सड़न की शुरुआत अक्सर इसी हिस्से से होती है। इसके बाद मिर्च को हल्दी मिले पानी से साफ करें और दोबारा साफ पानी से धो लें। धोने के बाद सबसे जरूरी कदम है मिर्च को पूरी तरह सुखाना। किसी साफ सूती कपड़े या तौलिये पर फैलाकर तब तक सुखाएं, जब तक उसमें नमी बिल्कुल न रहे। नमी बची रहने पर मिर्च जल्दी खराब हो सकती है।

सूखी हुई मिर्च को जिपलॉक बैग या एयरटाइट कंटेनर में रखें। इसके साथ कुछ छिली हुई लहसुन की कलियां भी डाल दें। माना जाता है कि लहसुन की मौजूदगी मिर्च को लंबे समय तक खराब होने से बचाने में मदद कर सकती है। इस तरह स्टोर की गई हरी मिर्च का इस्तेमाल दाल, सब्जी, कढ़ी और विभिन्न प्रकार के तड़कों में किया जा सकता है। साथ ही इसे धनिया, पुदीना, नारियल या दही के साथ मिलाकर स्वादिष्ट चटनियां और डिप्स भी तैयार किए जा सकते हैं। सही स्टोरेज तकनीक अपनाकर न केवल हरी मिर्च की ताजगी बरकरार रखी जा सकती है, बल्कि रसोई में खाद्य सामग्री की बर्बादी भी कम की जा सकती है।