नई दिल्ली। एक्ट्रेस एवलिन शर्मा पिछले कई वर्षों से लाइमलाइट से दूर हैं। उनकी आखिरी फिल्म 2019 में ‘साहो’ रिलीज हुई थी। उसी साल, उन्होंने इंडो-ऑस्ट्रेलियन डेंटल सर्जन तुषान भिंडी से सगाई की थी। 2021 में दोनों ने शादी कर ली। बाद में वे दो बच्चों के माता-पिता भी बने। अब खबर आ रही है कि एवलिन और तुषान ने अलग होने का फैसला कर लिया है। आपको बता दें की एवलिन ने एचटी सिटी से बातचीत में कहा ‘हां, हमने अपने रिश्ते को खत्म करके अलग होने का फैसला किया है। लेकिन हम अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करने पर पूरी तरह से ध्यान दे रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हमारी प्राइवेसी का सम्मान किया जाएगा।’
वहीं उन्होंने आगे कहा ‘हम आपको यकीन दिलाते हैं कि यह अलगाव जितना हो सकता है, उतना शांतिपूर्ण और आपसी सहमति से हो रहा है। हम अपने जीवन के इस नए पड़ाव को अपनी पुरानी दोस्ती और मिलकर बच्चों की परवरिश करने के आधार पर आगे बढ़ा रहे हैं।’ एवलिन शर्मा 2012 से 2019 तक हिंदी फिल्मों में काफी एक्टिव रहीं। इस दौरान उन्होंने रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ (2013), ‘यारियां’ और वरुण धवन व इलियाना डिक्रूज की फिल्म ‘मैं तेरा हीरो’ जैसी कई फिल्मों में काम किया।
