कार्तिक मास में भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इस महीने भक्त सुबह स्नान के बाद श्रीहरि की आराधना करते हैं और उन्हें तुलसी दल, फूल, दीप और नैवेद्य अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुछ विशेष फूल भगवान विष्णु को प्रिय हैं। इनमें पारिजात, कमल, पीला कनेर, चंपा और मालती शामिल हैं। मान्यता है कि इन फूलों को अर्पित करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
1. पारिजात का फूल – पारिजात का संबंध समुद्र मंथन की पौराणिक कथा से जुड़ा है। सफेद पंखुड़ियों और नारंगी डंडी वाला यह फूल अपनी मनमोहक खुशबू के लिए जाना जाता है। इसे भगवान विष्णु की पूजा में विशेष रूप से अर्पित किया जाता है।
2. कमल का फूल- कमल का भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी से गहरा संबंध है। श्रीहरि के एक हाथ में कमल सुशोभित रहता है, जबकि माता लक्ष्मी भी कमल पर विराजमान होती हैं। यह फूल पवित्रता, सौंदर्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
3. पीला कनेर- पीला रंग भगवान विष्णु के पीतांबर स्वरूप से जुड़ा है। इसलिए पीले कनेर के फूल अर्पित कर भक्त सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।
4. चंपा का फूल- अपनी मनमोहक सुगंध के लिए प्रसिद्ध चंपा का फूल भी श्रीहरि की पूजा में अर्पित किया जाता है। इसकी खुशबू पूजा के वातावरण को भक्तिमय बनाती है।
5. सफेद मालती- सफेद मालती के फूल सुंदरता और सुगंध के लिए जाने जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं में सफेद रंग शांति और सात्विकता का प्रतीक है। भगवान विष्णु को मालती के फूल अर्पित कर भक्त सुख-शांति की कामना करते हैं।
