समय रैना के शो में अगला गेस्ट कौन? पोस्टर ने बढ़ाई उत्सुकता, फैंस लगा रहे कई नामों के कयास

Follow Us

मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के अगले एपिसोड को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। समय रैना ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें अगले गेस्ट का चेहरा इमोजी से छिपाया गया है। इसके बाद से फैंस लगातार अंदाजा लगा रहे हैं कि शो में अगला सेलिब्रिटी मेहमान कौन होगा।

समय की पोस्ट में गेस्ट के चेहरे को नींबू-मिर्ची और ‘नज़र न लगे’ वाले इमोजी से ढका गया है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। इसी वजह से सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अलग-अलग नामों के कयास लगाने शुरू कर दिए हैं। कई लोगों ने वरुण धवन और आयुष्मान खुराना का नाम लिया, जबकि कुछ फैंस ने रणवीर अल्लाहबादिया की वापसी की भी संभावना जताई है।

गौरतलब है कि शो के पहले सीजन में रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़ा विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। विवाद के बाद शो को रोकना पड़ा था और समय रैना को कानूनी प्रक्रिया का भी सामना करना पड़ा था। ऐसे में रणवीर के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर फिर चर्चा तेज हो गई है।

बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर गेस्ट नजर आई थीं। दोनों अपनी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंची थीं। इस दौरान समय रैना और आलिया भट्ट के बीच हुई मजेदार नोकझोंक को दर्शकों ने खूब पसंद किया और पहला एपिसोड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अब फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि अगले एपिसोड में आखिर कौन सा सेलिब्रिटी समय रैना के साथ मंच साझा करेगा। फिलहाल मेकर्स की ओर से गेस्ट के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।