छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार; तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने के संकेत हैं। वहीं कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 30 अक्टूबर को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हुई बारिश
गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर भारी वर्षा हुई। सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और धपथौरा में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़ और कांके में 6 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

इसके अलावा कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, धमतरी, देवभोग, मैनपुर और बागबाहरा सहित कई इलाकों में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर, राजनांदगांव, पेंड्रा रोड, चारामा, गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में करीब 4 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान की स्थिति भी बदल गई है। माना एयरपोर्ट रायपुर में अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम 29.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 27 और 15.8 डिग्री तथा अंबिकापुर में 30.5 और 13.4 डिग्री तापमान रहा। जगदलपुर में अधिकतम 27.6 और न्यूनतम 19.2 डिग्री, जबकि दुर्ग में 29.2 और 17.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने 1 और 2 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की स्थानीय चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।