रायपुर । राजधानी में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खम्हारडीह, मौदहापारा और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में चोरों ने अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर लैपटॉप, चांदी के जेवर, कॉपर पाइप और दोपहिया वाहन पार कर दिए। वहीं राजेंद्र नगर पुलिस ने अवैध चाकू लेकर लोगों को डराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के भवानी नगर स्थित एक हॉस्टल में अज्ञात चोर ने कमरे में घुसकर लैपटॉप चोरी कर लिया। लैपटॉप की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। मामले में नमन कुमार देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। इसी तरह मौदहापारा थाना क्षेत्र में मेकाहारा कैंसर सिटीरी वार्ड-60 के सामने से नीलम निषाद के बैग में रखे दो चांदी के चैन, चांदी की पायल और तीन अंगूठियां चोरी हो गईं। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है। एक अन्य घटना में एमजी रोड स्थित अरहम रेजिडेंसी, जवाहर नगर के पास अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे करीब 100 किलो कॉपर पाइप चोरी कर लिए। चोरी गए पाइप की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में सौरभ सुराना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में चंद्रा स्प्रिंग्स के सामने सरग रोड, महावीर नगर से आयुष गांगड़े की होंडा एक्टिवा मोपेड क्रमांक सीजी 04 एलडी 9837 चोरी हो गई। वाहन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
० अवैध चाकू लेकर घूमते युवक को पकड़ा
राजेंद्र नगर पुलिस ने अमलीडीह स्थित अभियंता भवन के पास अवैध रूप से चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे शुभम करवा को पकड़ा। उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चोरी की सभी घटनाओं में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
