रायपुर के आसमान में गूंजेगा वायुसेना का दम, सारंग टीम के ध्रुव हेलीकॉप्टर दिखाएंगे रोमांचक हवाई करतब

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग टीम शुक्रवार को रायपुर के आसमान में अपना शानदार हवाई प्रदर्शन करेगी। दोपहर 12:20 से 12:45 बजे तक होने वाले इस प्रदर्शन में टीम के हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों से भी इस रोमांचक नजारे का आनंद ले सकेंगे। वहीं, राज्योत्सव के मुख्य आयोजन के तहत 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर से होगा प्रदर्शन
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का गठन वर्ष 2003 में हुआ था। टीम ने पहली बार फरवरी 2004 में सिंगापुर में आयोजित एशियन एयरोस्पेस एयर शो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हवाई करतब दिखाए थे। इसके बाद से सारंग टीम देश-विदेश के कई प्रमुख एयर शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है।इस टीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह भारत में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल करती है। इन हेलीकॉप्टरों पर मोर से प्रेरित आकर्षक रंग और डिजाइन बनाए गए हैं, जो इन्हें अलग पहचान देते हैं।

पांच हेलीकॉप्टरों की टीम दिखाएगी तालमेल
सारंग टीम में कुल पांच हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। इनमें चार हेलीकॉप्टर मुख्य प्रदर्शन करते हैं, जबकि पांचवां हेलीकॉप्टर बैकअप के रूप में तैयार रहता है। प्रदर्शन के दौरान चारों हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरते हुए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं।इस तरह के प्रदर्शन में पायलटों के बीच बेहतरीन तालमेल और अनुशासन बेहद जरूरी होता है। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टरों की गति, दिशा और एक-दूसरे से दूरी का विशेष ध्यान रखा जाता है।

फॉर्मेशन फ्लाइंग रहेगा मुख्य आकर्षण
सारंग टीम के एयर शो का सबसे खास आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग होगा। इसमें कई हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी बनाए रखते हुए एक साथ उड़ान भरते हैं। इसके अलावा हवा में तेज मोड़ लेना, ऊंचाई की ओर उड़ान भरना और अलग-अलग आकृतियां बनाना दर्शकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा।स्वदेशी तकनीक से बने ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए वायुसेना के कुशल पायलट अपनी उड़ान क्षमता, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करेंगे। राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह एयर शो रायपुरवासियों के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।