रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। आसमान में बादल छाने के साथ ही तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं दुर्ग सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और अंधड़ चलने की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। राजधानी रायपुर में भी शनिवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।
यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इन मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
