प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष को घेरा, कहा- खाड़ी में तनाव के बीच आराजकता फैलाने की योजना

Follow Us

बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के दौरान विपक्ष ने देश में खाद और रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलाने की कोशिश की, ताकि लोगों में घबराहट पैदा हो और केंद्र सरकार को बदनाम किया जा सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश वैश्विक अनिश्चितताओं का सामना कर रहा था, तब सभी को एकजुट होकर परिस्थितियों से निपटने की जरूरत थी, लेकिन कुछ लोग देश को मुश्किल में देखकर खुश होते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश का हर युवा विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोगों को देश की प्रगति पसंद नहीं है। वे देश को संकट में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण जब पूरी दुनिया अनिश्चितताओं का सामना कर रही थी, तब कुछ लोगों ने खाद की कमी और रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें फैलाकर लोगों को डराने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर गुमराह किया गया और उनमें डर पैदा करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की अफवाहें फैलाने का उद्देश्य देश में अफरा-तफरी का माहौल बनाना था, ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में भारी वृद्धि हुई, लेकिन उनकी सरकार ने इसका बोझ भारतीय किसानों पर नहीं पडऩे दिया।

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त, छह लोगों की मौत

सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बढ़ती कीमतों के प्रभाव से बचाने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि किसानों को मजबूत बनाना उनकी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इनमें भारत बोवाइन प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र, दो जैव-सीएनजी संयंत्र, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।

भिलड़ी में स्थापित भारत बोवाइन प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक प्रजनन और आधुनिक प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा थराद और राधनपुर में दो जैव-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी गई। इन संयंत्रों में पशुओं के गोबर का उपयोग कर ऊर्जा उत्पादन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने देशभर के किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत लगभग 19 हजार करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई। इस सहायता से देश के करोड़ों किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, पशुपालन और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

समान नागरिक संहिता से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और समान नागरिक अधिकारों को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री ने रेल संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इन सेवाओं से यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और संबंधित क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं, कृषि सुविधाओं और बेहतर परिवहन व्यवस्था के माध्यम से देश के विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।