विराट vs श्रेयस: प्लेऑफ की जंग में मौसम ने डाला खलल, रायपुर में झमाझम बारिश से क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ी चिंता

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शाम होने वाले आईपीएल के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले मौसम ने तगड़ी गुगली डाल दी है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच भिड़ंत होनी है, लेकिन दोपहर से शुरू हुई रुक-रुककर बारिश ने फैंस के दिल की धड़कनें बढ़ा दी हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच दोनों ही टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है, मगर मौसम के बदले मिजाज ने मैच धुलने का खतरा पैदा कर दिया है।

मौसम विभाग ने पहले ही 13 मई को आंधी-तूफान की चेतावनी दी थी, जो अब सच साबित होती दिख रही है। पिछले तीन दिनों से शाम होते ही बादलों का डेरा जम रहा है। यदि बारिश जारी रहती है, तो डकवर्थ लुईस नियम के तहत ओवरों में कटौती की जा सकती है या मैच रद्द भी हो सकता है। रायपुर RCB का दूसरा होम ग्राउंड है, जहाँ पिछले मैच में उन्होंने मुंबई इंडियंस को धूल चटाई थी।

मैच को लेकर उत्साह चरम पर है, खासकर विराट कोहली को लेकर। पिछले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि, आज रायपुर में ‘किंग कोहली’ का बल्ला गरजेगा, लेकिन अब सबकी नजरें आसमान की ओर हैं। दोनों टीमों ने मंगलवार को नेट्स पर जमकर पसीना बहाया था, पर अब देखना होगा कि पिच पर खिलाड़ियों का दम दिखेगा या बारिश बाजी मार ले जाएगी।