सारंगढ़। कलेक्टर जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के सामने अपनी मांगें और शिकायतें रखीं। कलेक्टर ने आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित विभागों को आवेदनों की जांच करते हुए नियमों के अनुसार प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत किसड़ा के आश्रित ग्राम कोठीखोल के ग्रामीणों ने करीब 80 परिवारों की सुविधा के लिए मुक्तिधाम निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत मुख्यालय करीब 7-8 किलोमीटर दूर होने से अंतिम संस्कार में परेशानी होती है। उन्होंने मनरेगा के माध्यम से मुक्तिधाम निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया। वहीं ग्राम सुंदरगढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान मस्टर रोल और मजदूरी भुगतान में कथित गड़बड़ी की शिकायत करते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
जनदर्शन में भूमि विवाद, पैतृक जमीन के बंटवारे, ऋण पुस्तिका, शासकीय घास भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने और सीमांकन से जुड़े आवेदन भी मिले। इसके अलावा किसान सम्मान निधि, एग्रीस्टैक पंजीयन, वन अधिकार पट्टा, दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन तथा राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं ग्रामीणों ने बताईं। कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता, सड़क दुर्घटना में घायल बच्चे के उपचार और प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दूसरे हितग्राही के खाते में जाने की शिकायत भी सामने आई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर पात्रता और नियमों के आधार पर कार्रवाई करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। जनदर्शन में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश साहू, एसडीएम बिलाईगढ़ ऋचा सिंह, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
