बलौदाबाजार। विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के कार्यों में तेजी लाई गई है। जिले की 519 ग्राम पंचायतों में से 476 ग्राम पंचायतों के लिए 555 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के तहत श्रमिकों की मांग के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वीकृत कार्यों में जल संरक्षण, जल सुरक्षा, भू-जल संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत अधोसंरचना के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है, जिससे गांवों में स्थायी विकास को बढ़ावा मिल सके।
विकासखंडवार देखें तो बलौदाबाजार की 104 ग्राम पंचायतों में 139 कार्य, भाटापारा की 85 ग्राम पंचायतों में 105 कार्य, कसडोल की 111 ग्राम पंचायतों में 135 कार्य, पलारी की 72 ग्राम पंचायतों में 72 कार्य तथा सिमगा की सभी 104 ग्राम पंचायतों में 104 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वहीं शेष 43 ग्राम पंचायतों में भी कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर जारी है।
जिला प्रशासन का कहना है कि योजना का उद्देश्य मांग करने वाले प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराना तथा ग्राम पंचायतों को जल-सुरक्षित, आत्मनिर्भर और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है।
