‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर महाराष्ट्र की सियासत गरम, सुनेत्रा पवार के समर्थन में उतरी एनसीपी 

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बयान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता की ओर से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के लिए इस्तेमाल किए गए ‘गूंगी गुड़िया’ शब्द पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने कड़ी आपत्ति जताई है। एनसीपी नेताओं ने इसे महिला सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कांग्रेस से माफी की मांग की है। विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोशल मीडिया पर सुनेत्रा पवार की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और बीड दौरे का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि वह अपनी बात खुद क्यों नहीं रख रही हैं। उन्होंने इसी संदर्भ में विवादित टिप्पणी कर दी, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।

एनसीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के बयान का विरोध करते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि किसी महिला जनप्रतिनिधि के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी कांग्रेस से माफी मांगने की बात कही। बढ़ते विवाद के बाद हर्षवर्धन सपकाल ने सफाई दी और कहा कि उनकी बात को गलत संदर्भ में लिया गया। उन्होंने अपने बयान पर खेद जताते हुए उसे वापस लेने की बात कही। अब यह मामला महाराष्ट्र की सियासत में एक नया राजनीतिक मुद्दा बन गया है।