नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आज देश के विभिन्न राज्यों में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की जा रही है। इस वर्ष कुल 933 प्रशासनिक पदों के लिए रिकॉर्ड 8,19,372 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। यह परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर (OMR) फॉर्मेट में दो सत्रों में हो रही है, जिसके तहत जनरल स्टडीज पेपर-1 सुबह संपन्न हुआ और सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (CSAT) दोपहर के सत्र में निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर्स और गहन चेकिंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही छात्रों के लिए ई-एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य किया गया है।
देश के अलग-अलग हिस्सों जैसे नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और मध्य प्रदेश के ग्वालियर से परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। केंद्रों पर सुरक्षा इस कदर पुख्ता है कि, उम्मीदवारों को प्रवेश देने से पहले उनके बायोमेट्रिक्स और रेटिना स्कैन की जांच की जा रही है। ग्वालियर में यह परीक्षा 21 केंद्रों पर आयोजित हो रही है, जहाँ प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में प्रश्न पत्रों को सुरक्षित पहुँचाया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले और केंद्र में प्रवेश करने वाले अभ्यर्थियों ने मिश्रित भावनाएं व्यक्त कीं; जहां कुछ छात्र थोड़े नर्वस दिखे, वहीं अधिकांश उम्मीदवार अपनी कड़ी तैयारी के भरोसे बेहतर परिणाम को लेकर पूरी तरह आश्वस्त और उत्साहित नजर आए।
