रायपुर में गरजे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी पर साधा निशाना

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रायपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हार-जीत के बहाने बनाने के बजाय आत्ममंथन करने की जरूरत है। गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस इसे अपनी जीत बताती है, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने रेवंत रेड्डी द्वारा भाजपा की तुलना उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से किए जाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे बयान जनता को गुमराह करने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन और संविधान निर्माण के प्रतीक हैं।

रायपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए गिरिराज सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा और भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।