भाटापारा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत लोक जागरण मंच द्वारा आयोजित राष्ट्र चिंतन संवाद कार्यक्रम का आयोजन
भाटापारा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के अंतर्गत गुरुवार को भाटापारा स्थित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में लोक जागरण मंच द्वारा आयोजित राष्ट्र चिंतन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाटापारा नगर के प्रबुद्धजन, अधिवक्ता, शिक्षक, चिकित्सक, व्यापारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी वर्ग के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि शामिल हुए। मॉडर्न इंग्लिश स्कूल का सभागार खचाखच भरा हुआ था और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रहित की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा शामिल हुए। दोनों नेताओं का स्कूल परिसर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा और जनता के जनादेश के सम्मान पर विस्तार से अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन द्वारा जिस प्रकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का उपहास उड़ाया जा रहा है और गैर-जिम्मेदाराना बयानों व कृत्यों से देश में भ्रम एवं अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, उसका मुंहतोड़ जवाब देना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा की कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने लोकतंत्र को सिर्फ नारा समझ लिया है। जब जनता उन्हें जनादेश नहीं देती, तो वे चुनाव आयोग, न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर ही सवाल उठाने लगते हैं। ये लोकतंत्र की हार नहीं, उनकी हताशा है। देश की जनता सब समझ रही है। लोकतंत्र को बदनाम करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा की हमारा कर्तव्य है कि हम गांव-गांव, घर-घर जाकर जनता को सत्य से अवगत कराएं। लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखना केवल भाजपा का नहीं, हर जागरूक नागरिक का धर्म है। आज प्रबुद्ध वर्ग को आगे आकर इस भ्रम की राजनीति का पर्दाफाश करना होगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने सम्बोधित कर कहा की कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश में भ्रम फैलाकर अराजकता का माहौल बनाना चाहता है। कभी विदेशी धरती पर जाकर देश को बदनाम करना, कभी संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना – यही इनकी राजनीति बन गई है। लेकिन भारत की जनता अब जाग चुकी है और इनके झूठ को अच्छी तरह पहचान चुकी है।
शिवरतन शर्मा ने आगे कहा की आज जब लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, तो प्रबुद्धजनों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हम सबको मिलकर इस अराजक सोच को मुंहतोड़ जवाब देना होगा। लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रबुद्धजनों ने लोकतंत्र, संविधान, चुनाव प्रक्रिया और देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कई सवाल / प्रश्न भी किए, जिनका मुख्य वक्ता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने तथ्यों और उदाहरणों के साथ विस्तार से जवाब दिया। उनके सारगर्भित उत्तरों से उपस्थित प्रबुद्धजन संतुष्ट नजर आए।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश तिवारी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, सुनील यदु, आशीष जायसवाल, योगेश अनंत, महाबल बघेल, नंदकिशोर अग्रवाल, राकेश मंधान, मथुरा यदु, डब्लू ठाकुर, उमाशंकर वर्मा, पीयूष साहू, सुरेंद्र डागोर, लाल जायसवाल सहित भाजपा के जिला व मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या उपस्थित रहे।
