रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को जम्मू से गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 मार्च 2025 की रात सक्ती जिले के ग्राम पुजेरीपाली निवासी कृष्णा सिदार पर रावनखोंदरा के पास टांगी से सिर पर जानलेवा हमला कर उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी। गंभीर रूप से घायल कृष्णा सिदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी चोटों को जानलेवा बताया।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में प्रकाश सिदार की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। वारदात के बाद आरोपी अपना घर बेचकर फरार हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जम्मू पहुंची और उसके ससुराल से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में प्रकाश सिदार ने अपराध स्वीकार करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता का भी खुलासा किया। दोनों की पहचान शिनाख्त परेड में घायल ने की। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने लूटा गया वीवो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी पहले से ही एक अन्य प्रकरण में जब्त होना पाया गया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रकाश सिदार (27) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।
