बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के बेलगहना चौकी क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, छठी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अमर सिंह पेन्द्रो के रूप में हुई है। आरोप है कि रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने शराब के नशे में छठी कार्यक्रम में पहुंचने को लेकर विवाद किया, जिसके बाद अमर सिंह के साथ मारपीट की।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अमर सिंह को करीब 60–65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटा। इस दौरान मृतक की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने मारपीट जारी रखी। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह किसी तरह घर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद बेलगहना चौकी और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
