कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत पोंडी में गुरुवार को अचानक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि, आसपास रहने वाले लोग डर के कारण अपने घर छोड़कर बाहर निकल आए। घटना ग्राम पंचायत पोंडी के वार्ड क्रमांक 7 की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आसपास खड़े लोग घबराकर इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। ट्रांसफार्मर के पास घर और वाहन मौजूद होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
