रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के छह अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने तबादला आदेश जारी करते हुए अधिकारियों को उनके नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त देवनारायण कश्यप को मंत्रालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का उप सचिव बनाया गया है। वहीं विनय कुमार अग्रवाल, जो जिला पंचायत नारायणपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी थे, अब अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।कोंडागांव के अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर को जिला पंचायत नारायणपुर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह बलौदाबाजार-भाटापारा की अपर कलेक्टर दिप्ती गोते को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है,बेमेतरा के अपर कलेक्टर गुड्डू लाल जगत को मंत्रालय में श्रम विभाग का उप सचिव बनाया गया है। वहीं डॉ. ऋतु वर्मा को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव के पद पर यथावत रहेंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के जारी आदेश में सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना और वर्तमान दायित्वों का उल्लेख किया गया है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी हुआ है।
