पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड ने एक और दर्दनाक मोड़ ले लिया है। पोते की हत्या के सदमे से लगातार अस्वस्थ चल रहे केतन अग्रवाल के दादा देवीचंद अग्रवाल (71) का शनिवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिवार के अनुसार, वे अपने पोते की मौत के बाद से गहरे मानसिक आघात में थे और लगातार बीमार चल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, 18 जून को पोते केतन अग्रवाल की दर्दनाक हत्या के बाद से ही देवीचंद अग्रवाल बेहद विचलित थे। वे कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और कैंडिल मार्च में भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने न्याय की मांग की थी। शनिवार रात करीब 9:45 बजे पुणे के एक अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि वे अपने पोते की मौत का सदमा सहन नहीं कर पाए और 17 दिनों के भीतर ही उनका भी निधन हो गया। केतन की हत्या के बाद से पूरा अग्रवाल परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है।
इधर, इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया भी जारी है। पुणे की अदालत ने मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, मामले में डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिनमें सिया गोयल और उसकी सहेली के बीच हुई कथित स्नैपचैट चैट शामिल है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसे अदालत में मजबूती से पेश करने की तैयारी में है।
