रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, तीजन बाई ने अपनी सशक्त आवाज, प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुति और वर्षों की साधना से महाभारत की कथाओं को जीवंत किया तथा पंडवानी को वैश्विक पहचान दिलाई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारतीय लोककला की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि, उनका निधन कला और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तीजन बाई ने अपने अद्वितीय योगदान से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए श्रद्धांजलि दी। देशभर के राजनीतिक, सांस्कृतिक और कला जगत से जुड़े लोगों ने तीजन बाई को याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज, उनकी कला और पंडवानी के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
