बिलासपुर। जिले में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पति की अचानक मौत का सदमा एक महिला सहन नहीं कर सकी और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर की है, जहां चार दिन पहले पति की करंट लगने से मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार, रामनारायण केंवट की शादी करीब चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत के बाद से सुनीता गहरे सदमे में थी।
परिजनों के मुताबिक वह लगातार चुप रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। मंगलवार देर रात सुनीता ने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर सीलिंग फैन से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
