चिल्फी घाटी में दर्दनाक टक्कर, ट्रेलर से भिड़ंत में ट्रक चालक की मौके पर मौत

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले की चिल्फी घाटी में नेशनल हाईवे-30 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बोड़ला के पास ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि, ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। चालक के शव को बाहर निकालकर पीएम के लिए भेजा गया। साथ ही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि, चिल्फी घाटी और बोड़ला क्षेत्र में कई खतरनाक ब्लैक स्पॉट हैं, जहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। उनका आरोप है कि, सुरक्षा उपायों और चेतावनी संकेतों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने की जताई जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर घाटी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और ब्लैक स्पॉट सुधार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।