मुंबई। यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 19 मार्च को रिलीज होने वाली इस फिल्म की रिलीज आगे बढ़कर 4 जून हो गई थी। लेकिन अब ‘टॉक्सिक’ की रिलीज फिर आगे बढ़ गई है। यानी अब ‘टॉक्सिक’ 4 जून को भी रिलीज नहीं होगी। इसकी घोषणा खुद यश और फिल्म के मेकर्स ने एक बयान जारी कर की है। वहीं मेकर्स की ओर से आज जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि फिल्म पूरी हो चुकी है और अब इसे बाद में ऐसी तारीख पर रिलीज किया जाएगा जो इसके वैश्विक रिलीज के अनुरूप हो। मेकर्स ने बयान में कहा कि सिनेमाकॉन में फिल्म को मिली प्रतिक्रिया ने टीम के इस विश्वास को और मजबूत किया कि ‘टॉक्सिक’ को विश्व स्तर पर अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचना चाहिए। आपको बता दें की निर्माता वर्तमान में वैश्विक वितरण और साझेदारी को अंतिम रूप दे रहे हैं और फिल्म जल्द ही दुनिया भर के सिनेमाघरों में आएगी।
‘टॉक्सिक’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और हम फिलहाल वैश्विक वितरण और साझेदारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने अपनी रिलीज की तारीख में बदलाव करने का निर्णय लिया है। वहीं यश ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में आगे कहा, कुछ फिल्में हम बनाते हैं और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ। ‘टॉक्सिक’ ऐसी ही एक यात्रा रही है। ऐसे समय में जब भारतीय सिनेमा अपनी पहचान बना रहा है और वैश्विक मंच पर बड़ी उम्मीदों के साथ कदम रख रहा है, तब स्तर को और ऊंचा उठाने की जिम्मेदारी भी बनती है। गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स द्वारा निर्मित ‘टॉक्सिक’ में यश के डबल रोल में नजर आने की चर्चाएं हैं। फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा भी फिल्म में कई अन्य कलाकार भी दिखाई देंगे।
