मुहर्रम जुलूस के चलते दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर डायवर्जन और नो-पार्किंग लागू

Follow Us

नई दिल्ली। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में निकलने वाले ताजिया जुलूसों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जुलूस के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने और लोगों को जाम से राहत देने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन, नो-पार्किंग जोन और यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट देखें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली में दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक और नई दिल्ली क्षेत्र में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। आउटर सर्कल के कुछ हिस्सों में भी निर्धारित समय तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। रफी मार्ग, संसद मार्ग, तुगलक रोड कॉरिडोर, सुनहरी बाग रोड और कृष्णा मेनन मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया गया है।

सेंट्रल दिल्ली के जामा मस्जिद, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, पहाड़गंज, झंडेवालान, इंद्रलोक, शास्त्री नगर और बारा हिंदू राव समेत कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही डायवर्ट की जाएगी। वहीं महरौली-बदरपुर (MB) रोड, पंखा रोड, डाबरी-पालम रोड और जीटीके रोड पर भी जुलूस के दौरान चरणबद्ध तरीके से यातायात नियंत्रित रहेगा। कुछ मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी और आजादपुर मंडी की ओर जाने वाले कमर्शियल वाहनों पर भी निर्धारित समय तक रोक रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं, जिनमें हमदर्द टी-पॉइंट, खानपुर टी-पॉइंट, संसद मार्ग, मुकरबा चौक, विंडसर प्लेस, आजादपुर चौक, मौलाना आजाद रोड गोलचक्कर, आर.के. आश्रम मार्ग, क्लैरिज होटल गोलचक्कर, जनपथ रोड गोलचक्कर और बूटा सिंह गोलचक्कर शामिल हैं। प्रभावित मार्गों के विकल्प के रूप में गुरु रविदास मार्ग, इंदर मोहन भारद्वाज मार्ग, आउटर रिंग रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जेल रोड, रानी झांसी रोड, पंचकुइयां रोड, ईदगाह रोड, सदर थाना रोड और वंदे मातरम मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित मार्गों और आसपास के क्षेत्रों को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है। गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों को टो कर निर्धारित ट्रैफिक पिट में ले जाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।