बागेश्वर बाबा से मिले टाइगर श्रॉफ, समाजसेवा पर हुई चर्चा, बालाजी पर फिल्म बनाने के संकेत

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने मुंबई के सनातन मठ में बागेश्वर बाबा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बागेश्वर बाबा ने अभिनेता को गरीब बेटियों के लिए प्रस्तावित कैंसर अस्पताल और बागेश्वर धाम में संचालित मां अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई भंडारे सहित कई सेवा कार्यों की जानकारी दी।

टाइगर श्रॉफ ने इन जनहितकारी पहल का ध्यानपूर्वक अवलोकन किया और उनकी सराहना की। मुलाकात के अंत में अभिनेता ने बागेश्वर बाबा को अंगवस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस दौरान एक दिलचस्प जानकारी भी सामने आई। अभिनेता के एक साथी ने बागेश्वर बाबा को बताया कि वे बालाजी पर आधारित एक फिल्म बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अगर टाइगर श्रॉफ के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने 2014 में ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद ‘बागी’, ‘बागी 2’, ‘वॉर’, ‘मुन्ना माइकल’, ‘ए फ्लाइंग जट्ट’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’, ‘गणपत’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों में अपने एक्शन अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया।