मुंबई। नवरात्रि के दौरान मुंबई में आयोजित होने वाला फाल्गुनी पाठक का गरबा उत्सव इस बार अपनी महंगी टिकटों को लेकर चर्चा में है। ‘वेस्ट एवेन्यू रियल्टी नवरात्रि उत्सव 2026’ का आयोजन 11 से 19 अक्टूबर तक जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है। नौ रातों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में टिकटों की कीमत 2,000 रुपये से लेकर 2.04 लाख रुपये तक रखी गई है। खास सुविधाओं वाले VIP पैकेज की कीमत सामने आने के बाद यह आयोजन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
टिकटों की श्रेणियों में सबसे महंगा विकल्प ‘एक्सक्लूसिव पॉड’ है, जिसकी कीमत 2.04 लाख रुपये है। इस निजी VIP व्यवस्था में अधिकतम 12 लोग शामिल हो सकते हैं। इसके साथ 10,000 रुपये का फूड एंड बेवरेज वाउचर भी दिया जाता है, जिसका इस्तेमाल तय दिन पर ही किया जा सकता है। वहीं, समूह में गरबा खेलने वालों के लिए भी पैकेज उपलब्ध हैं। पांच लोगों के ग्रुप टिकट की कीमत 13,000 रुपये और 10 लोगों के पैकेज की कीमत 25,000 रुपये है। इस हिसाब से इन पैकेजों में प्रति व्यक्ति खर्च क्रमशः 2,600 रुपये और 2,500 रुपये बैठता है।
आयोजन को पूरी तरह वातानुकूलित परिसर में रखा गया है, जहां कारपेट वाला डांस फ्लोर तैयार किया गया है। कार्यक्रम में महाआरती, लाइव संगीत प्रस्तुतियां, आकर्षक लाइटिंग, खाने-पीने की सुविधाएं और पेड पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल हैं। गरबा क्वीन के नाम से मशहूर फाल्गुनी पाठक लंबे समय से नवरात्रि आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रही हैं। इस बार उनके उत्सव में पारंपरिक गरबा के साथ अलग-अलग टिकट विकल्प और प्रीमियम सुविधाएं भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं।
