मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल ढुल को लेकर सोशल मीडिया पर उनके एविक्शन की खबरें चर्चा में हैं। दावा किया जा रहा है कि शो में आने के महज दो दिन बाद ही उन्हें घर से बाहर कर दिया गया। हालांकि, शो के निर्माताओं की ओर से अब तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही इससे जुड़ा कोई टीजर जारी हुआ है।
सोशल मीडिया हैंडल ‘बिग बॉस तक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नकुल ढुल का घर में गुल्लू के साथ विवाद हो गया था, जो कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि नकुल और काजी तौकीर के बीच बातचीत के दौरान स्काउट को लेकर मजाक किया जा रहा था। नकुल को यह बात पसंद नहीं आई और इस पर बहस शुरू हो गई। इसी बीच गुल्लू ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नकुल उनसे भी उलझ गए। मामला बढ़ने पर घर में मौजूद अन्य सदस्यों ने दोनों को अलग किया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि बिग बॉस के नियमों के उल्लंघन के चलते नकुल को बाहर किया गया, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है।
नकुल ढुल हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्हें ‘मिट्ठू डॉन’ के नाम से भी जाना जाता है। वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर राजनीतिक टिप्पणियों, मीम्स और मनोरंजन से जुड़े वीडियो पोस्ट करते हैं। फिलहाल उनके कथित एविक्शन को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
