कटघोरा-कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। अब तक घरों से नकदी और जेवरात चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार चोरों ने मकान की दीवार में सेंध लगाकर अंदर बंधी 25 से 30 बकरियां चोरी कर लीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना कटघोरा ब्लॉक के ग्राम सिंधिया की है, जहां चोरों ने रामायण यादव के घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी चोरों ने मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर में प्रवेश किया। चोर एक-एक कर करीब 25 से 30 बकरियां अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो बकरियां गायब मिलीं और दीवार में सेंध देखकर चोरी का पता चला। चोरी गई बकरियों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
