नई दिल्ली। बाबा नीम करौली के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। फिल्म की सफलता को लेकर अमित शाह ने टीम को शुभकामनाएं दीं। फिल्म ने भारत में अब तक 272.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया है और इसकी सफलता से पूरी टीम उत्साहित है।
इससे पहले 9 सितंबर को फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। ‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिना डब्ल्यू. सत्य, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे नजर आए हैं। फिल्म का निर्माण रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नगर और विशाल चतुर्वेदी ने मिलकर किया है।
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 10 लाख रुपये कमाए थे। पहले सप्ताह में कलेक्शन 1.08 करोड़, दूसरे सप्ताह में 40 लाख और तीसरे सप्ताह में 10.40 करोड़ रुपये रहा। चौथे सप्ताह में फिल्म ने 61 करोड़, पांचवें सप्ताह में 90 करोड़ और छठे सप्ताह में 80.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। बीते दिन फिल्म ने 13.75 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 46वें दिन खबर लिखे जाने तक 82 लाख रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया। भारत में फिल्म की कुल कमाई 272.70 करोड़ रुपये बताई गई है।

