दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी आगामी फिल्म ‘रणबाली के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। राहुल संकृतियन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरा के विशेष अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के टीजर और ट्रेलर को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसके प्रचार को लेकर भी उत्साह बढ़ गया है।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बढ़ती दिलचस्पी के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के बेटे और राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने भी इसके ट्रेलर की तारीफ की है। उनकी प्रतिक्रिया से फिल्म के निर्माताओं में खुशी का माहौल है।फिल्म के प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में विजय देवरकोंडा ने इसकी अवधि को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म का शुरुआती संस्करण 3 घंटे 20 मिनट से अधिक लंबा था। हालांकि, संपादन के बाद इसकी अंतिम अवधि घटाकर 2 घंटे 50 मिनट कर दी गई है।
फिल्म की कहानी, कलाकारों के अभिनय और बड़े स्तर पर तैयार किए गए दृश्यों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के प्रचार अभियान के दौरान इसकी अवधि से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद अब दर्शकों की निगाहें इसकी रिलीज पर टिकी हैं।‘रणबालीÓ में विजय देवरकोंडा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। रश्मिका मंदाना फिल्म में उनकी पत्नी जयम्मा का किरदार निभा रही हैं। दोनों कलाकारों की जोड़ी पहले भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय रही है और इस फिल्म में उन्हें एक बार फिर साथ देखने का अवसर मिलेगा।
फिल्म में अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। ‘ममीÓ फिल्म में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले वोस्लू इसमें क्रूर ब्रिटिश अधिकारी सर थियोडोर हेक्टर के किरदार में नजर आएंगे। उनके खलनायक वाले रूप को फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में से एक माना जा रहा है।फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। फिल्म को बड़े स्तर पर मैत्री मूवी मेकर्स द्वारा निर्मित किया जा रहा है। वहीं, विदेशों में इसके वितरण की तैयारियां भी जारी हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिका में सशुल्क विशेष प्रदर्शन के लिए वितरकों ने सभी पास उपलब्ध करा दिए हैं।‘टैक्सीवालाÓ जैसी फिल्म का निर्देशन कर चुके राहुल संकृतियन ने ‘रणबालीÓ का निर्देशन किया है। फिल्म की रिलीज की तारीख नजदीक आने के साथ ही इसके प्रचार अभियान में तेजी आ रही है। अब देखना होगा कि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।
