स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम जनता सड़क पर उतरी

Follow Us
  • भारी बिजली बिल के विरोध में महिलाओं का लाखेनगर बिजली कार्यालय का घेराव
  • “महतारी वंदन नहीं चाहिए, पुराना मीटर वापस दो” के नारों से गूंजा परिसर

रायपुर। स्मार्ट मीटर से आ रहे भारी-भरकम बिजली बिलों के विरोध में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड की महिलाओं का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाएं लाखेनगर स्थित बिजली कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय का घेराव कर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर वापस लगाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “महतारी वंदन नहीं चाहिए, पुराना मीटर वापस दो”, “स्मार्ट मीटर वापस लो” और “जनता पर बिजली बिल का बोझ बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिलों में कई गुना वृद्धि हो गई है, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनका आरोप है कि सरकार एक ओर महतारी वंदन योजना के माध्यम से राहत देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता से अधिक बिजली बिल वसूला जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर यदि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर नहीं लगाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा घरों मे लगे स्मार्ट मीटर को उखाड़कर बिजली आफिस मे जमा किया जाएगा.

वार्डवासियों के इस प्रदर्शन को समर्थन देने शहर काँग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन प्रदेश प्रवक्ता धनंजय ठाकुर वार्ड छाया पार्षद बंशी कन्नौजे सहित वार्ड वासी लोकेश देवांगन बिट्टू देवांगन देव तुलेंद्र सहित सैकड़ो वार्ड वासी उपस्थित थे।