राम नाम सत्य है- विजय मिश्रा

Follow Us

‘खुद का एक छोटा सा घर हो’ यह सपना हर इंसान देखता है। यह जानते हुए भी कि खून-पसीने से बनाए हुए घर को एक न एक दिन छोड़ना ही पड़ेगा। मौत देगी आवाज तब घर से निकलना ही पड़ेगा। यह सब जानते समझते हुए मैंने श्मशान घाट के निकट निवास बनवा लिया। अपनी जिंदगी की अधिवार्षिकी की आयु को पूर्ण करते हुए मैं बखूबी समझ गया कि श्मशान घाट के निकट निवास में बड़ी शांति होती है। श्मशान घाट के आसपास ना कोई बाजार, ना कोई हॉस्पिटल है, ना कोई मदिरालय है और ना ही कोई बस स्टॉप या ऐसा कोई भी केंद्र नहीं होता जहां शोर-शराबा का माहौल होता है। इसलिए कहा गया है श्मशान घाट में चौबीस घंटे शांति होती है। जीते जी मुझे इस बात को देखने और समझने का अवसर मिल गया। श्मशान घाट के निकट निवास होने का सबसे बड़ा फायदा यह भी होता है कि लगभग सभी मित्रों, परिजनों और परिचितों की अंतिम यात्रा, दाह संस्कार में सहजता से शामिल हो जाता हूं। श्मशान घाट से घर लगा हुआ है अतः ‘राम नाम सत्य है’ सुनते ही घर से खा- पी कर मैं निकल लेता हूं। ज्यादा चलना फिरना नहीं पड़ता, पेट्रोल भी बच जाता है। हां एक नुकसान जरूर होता कि मैं किसी को बहाना नहीं बना पाता कि मैं नहीं आ पाया। हर महीने फूल माला पितांबरी का मेरा एक खर्चा जरूर होता है। श्मशान घाट के निकट मेरे निवास होने का बड़ा फायदा बहुत से मेरे जीवित मतलबी मित्रों को मिल जाता है। वे अपनी गाड़ी मेरे घर के सामने खड़ी कर देते हैं, और पैदल ही श्मशान घाट में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दे देते हैं। ऐसे लोग अक्सर मृतक की कपाल क्रिया होने की प्रतीक्षा करते हुए हल्के फुल्के मूड में कहते हैं- मिश्रा जी जहां रह रहे हैं वहां से उनकी अंतिम मंजिल करीब ही है। उन्हें अंतिम यात्रा में कम दूरी तय करना पड़ेगी। लगता है जिंदगी की अंतिम यात्रा को प्लानिंग करके ही मिश्रा जी ने श्मशान घाट के निकट घर बनवाया है। कभी-कभी दोस्तों का दल यह कहते हुए मेरे घर आ धमकता हैं- अभी मृतक देह को आने में टाइम है तो सोचे चलो, मिश्रा जी के घर चल के चाय पी लेते हैं। चाय पीते पीते वे यह भी कहते हैं, मिश्रा जी का घर जिंदा और मुर्दा दोनों के लिए हितकारी है। एक मित्र ने तो मजाक मजाक में कह दिया कि यार मिश्रा जी, आप अपने घर में दो-चार दर्जन पीतांबरी रखा करो। हम जब भी श्मशान घाट आएंगे तो आपसे पीताम्बरी ले लिया करेंगे कहते हैं रक्तदान, देहदान, नेत्रदान बड़ा काम है, आप पीतांबरी दान दे दिया करो। यह भी महान दान की श्रेणी में आ जाएगा आपके नाम रिकार्ड बन जाएगा। श्मशान घाट के निकट निवास होने से कई बार तो ऐसी भी घटनाएं हुई है, जब श्मशान घाट में आने के बाद गंगाजल की आवश्यकता हुई है तो मृतक का परिवार मेरे ही घर दौड़ के आकर गंगाजल ले जाता है। हद तो यह हो गई है कि जब किसी मित्र परिजनों के निधन हो जाने पर प्रश्न उठता है कि उनका अंतिम संस्कार कहां होगा? तो मेरे अनेक मित्र कहते हैं, मिश्रा जी के घर के निकट वाले श्मशान घाट में होगा। यह सब देखते हुए अब मैंने अपनी दिनचर्या को बदल दिया है। कभी सुबह पांच बजे से नहा कर पूजा पाठ कर लेने वाला व्यक्ति अब दस ग्यारह बजे तक नहाता ही नहीं हूं । इंतजार करता हूं किसी के अंतिम संस्कार में जाना पड़ जाए तो जाकर आऊंगा फिर नहालूंगा। इससे एक बड़ा फायदा मेरे संयुक्त परिवार को हुआ है। मेरे घर एक ही बाथरूम है। पहले नहाने वाले लाइन लगे रहते हैं। मैं देर से नहाता हूं तो उनका नंबर पहले आ जाता है। अंत में यह भी बताना है कि श्मशानघाट में आने वाले लोग वैराग्य की बातें करने लगते हैं, वहां से मिले महाज्ञान का बखान करते हुए कहते हैं- श्मशान घाट जाते ही भूल जाते हैं छुआछूत, पास पास ही जलते हैं ब्राह्मण, शूद्र, वैश्य और राजपूत